हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में बीसीसीएल मुख्यालय एवं सभी क्षेत्रों में 14 से 28 सितम्बर तक राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज डीएवी कोयला नगर में कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित हुई। कनिष्ठ वर्ग में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों को शामिल किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक दीप-प्रज्वलन तथा छायावाद की सुप्रसिद्ध कवयित्री स्व. महादेवी वर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित करने और उनकी जीवनी का वाचन करने के साथ हुई। उपस्थित सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने कवयित्री महादेवी वर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी क्रम में डीएवी कोयला नगर के छात्र प्रणव भारद्वाज ने ‘कृष्ण की चेतावानी’ कविता का पाठ किया। इसके उपरांत प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में धनबाद के 10 से अधिक विद्यालयों के लगभग 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हिंदी के प्रति अपनी अभिरुचि, ज्ञान, प्रतिभा और भाषा कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी के विविध पक्षों से परिचित होने तथा अपनी भाषा-क्षमता को परखने का अवसर प्राप्त हुआ।
पखवाड़े के अंतर्गत बीसीसीएल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसे अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ। पखवाड़े का समापन 28 सितम्बर को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करने के साथ हिंदी विषय में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में डीएवी की प्राचार्या श्रीमती डी.सी. बनर्जी, वरीय अधिकारी (मानव संसाधन/राजभाषा) बीसीसीएल, सुश्री सुमेधा भारती सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा राजभाषा विभाग के कर्मी उपस्थित रहे।


































































