दोस्तों के साथ नहाने गया किशोर केवई नदी में डूबा, 7 घंटे रेस्क्यू के बाद भी नहीं मिला शव

कोतमा। शनिवार 19 सितंबर को दोस्तों के साथ केवई नदी में नहाने गए 15 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, पुलिस प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू की गई। करीब सात घंटे तक चले सर्च अभियान के बावजूद देर रात तक किशोर का शव बरामद नहीं हो सका।
जानकारी के अनुसार कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक 6 निवासी अभिषेक पटस्कर पिता माधव पटस्कर, उम्र 15 वर्ष, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे दो दोस्तों के साथ घर से निकला था। बताया गया कि करीब साढ़े 4 बजे लहसुई रपटा के पास केवई नदी में नहाने के दौरान अभिषेक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी।
किशोर के नदी में डूबने की खबर फैलते ही नदी किनारे बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। स्थानीय बचाव दल के साथ जिले से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च अभियान शुरू किया। टीम ने देर रात तक घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर के दायरे में तलाश की, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।
बताया जा रहा है कि लहसुई रपटा के पास केवई नदी का हिस्सा काफी गहरा और खोह नुमा है, जिसके कारण रेस्क्यू टीम को तलाश में कठिनाई का सामना करना पड़ा। अंधेरा होने के बाद अभियान रोक दिया गया। रविवार सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू कर किशोर की तलाश की जाएगी।
घटनास्थल पर एसडीएम टीआर नाग, एसडीओपी आरती शाक्य, तहसीलदार दशरथ सिंह, थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल, सीएमओ नीलम सिंह चौहान सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। घटना के बाद किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

































































