झीमर नाला में अवैध शराब का ठिकाना ध्वस्त, 24 डिब्बों से 72 किलो महुआ लाहन बरामद
रामनगर पुलिस की कार्रवाई, शराब बनाने की सामग्री भी जब्त कर किया गया नष्टीकरण
रामनगर। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने झीमर नाला के पास कार्रवाई करते हुए 24 प्लास्टिक डिब्बों में रखा करीब 72 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। पुलिस ने मौके पर ही महुआ लाहन और शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री का विधिवत नष्टीकरण कर दिया।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। 9 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झीमर नाला के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक के डिब्बों में महुआ लाहन रखकर अवैध शराब बनाने की तैयारी कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
मौके से अजय कुमार सिंह गोंड, उम्र 29 वर्ष, निवासी इंद्रानगर, थाना रामनगर को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान 24 प्लास्टिक डिब्बों में करीब 72 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बनाने में प्रयुक्त प्लास्टिक डिब्बे एवं अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
पुलिस ने जब्त महुआ लाहन और शराब निर्माण सामग्री का मौके पर विधिवत नष्टीकरण किया। आरोपी के खिलाफ थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 261/26 दर्ज कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(एफ) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



































































