जन्माष्टमी पर आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन में सजी कृष्ण भक्ति की छटा

---Advertisement---

जन्माष्टमी पर आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन में सजी कृष्ण भक्ति की छटा

कलश और बाँसुरी सजावट से लेकर राधा-कृष्ण वेशभूषा तक विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

मनेन्द्रगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कला और सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान संस्थान परिसर कृष्ण भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कलश सजावट, बाँसुरी सजावट और राधा-कृष्ण वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने एकल और समूह वर्ग में भाग लेकर अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का परिचय दिया।

कलश सजावट में काजल दीवान प्रथम

कलश सजावट प्रतियोगिता के एकल वर्ग में काजल दीवान ने प्रथम, तेजस्वी ने द्वितीय और खुशी एवं सृष्टि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समूह वर्ग में संगीता ग्रुप प्रथम, सुनीता ग्रुप द्वितीय और कुसुम ग्रुप तृतीय रहे वहीं सुषमा, नीलम, माही, मुस्कान और राधा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों और सजावटी सामग्रियों का उपयोग करते हुए आकर्षक कलश तैयार किये। उनकी कलात्मक प्रस्तुति ने प्रतियोगिता को विशेष बना दिया।

बाँसुरी सजावट में भी दिखी प्रतिभा

भगवान श्रीकृष्ण की प्रिय बाँसुरी को विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता के रंगों से सजाया। समूह वर्ग में जय और शिवम ने प्रथम, सिपाही और मोनू ने द्वितीय तथा कृष्णा और अंश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया वहीं एकल वर्ग में तेजस्वी प्रथम, कृष्णा द्वितीय और खुशी रजक तृतीय रहीं। अप्सरा, काजल, दीवान और पिंकी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

राधा-कृष्ण के स्वरूप ने मोहा मन

राधा कृष्ण वेशभूषा प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक प्रस्तुति के माध्यम से श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप को जीवंत कर दिया। प्रतियोगिता में तेजस्वी ने प्रथम, ऋतिका ने द्वितीय और चाँद ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने ना केवल जन्माष्टमी के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाया बल्कि भारतीय परंपराओं के प्रति उनके जुड़ाव को भी सामने रखा।

शिक्षकों और स्टाफ का रहा विशेष सहयोग

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के शिक्षकों और स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं के लिये तैयार करने, मार्गदर्शन देने और आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में मानसी गुप्ता, डिंकी, रिंकी, मनीषा सिंह और सोहन यादव का विशेष सहयोग रहा।

शिक्षा के साथ संस्कृति भी जरूरी : संचालक

संस्थान के संचालक रमेश सोनी और संजू सोनी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिये कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों में उनकी सहभागिता भी जरूरी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच, टीम भावना और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित होता है।
उन्होंने सभी विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेना भी अपने आप में उपलब्धि है। संस्थान भविष्य में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिये इस तरह की गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा।

उत्साह और उमंग से भरा रहा आयोजन

जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं से संस्थान में पूरे समय उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और रचनात्मकता से आयोजन को यादगार बनाया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ भारतीय संस्कृति और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महत्व को समझने का अवसर भी मिला।
कार्यक्रम के अंत में आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन परिवार की ओर से सभी विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment