स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा बेहतर उपचार का लाभ
क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक सहित सात स्वास्थ्य संस्थाओं के भवनों का हुआ लोकार्पण
अनूपपुर15 अगस्त 2026/ कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रदेश शासन की संवेदनाएं लगातार इस दिशा में कार्य कर रही हैं कि शहरों के साथ-साथ गांवों में रहने वाले लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से अनूपपुर जिले में क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक, तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा चार उप स्वास्थ्य केन्द्रों के भवनों का निर्माण कराया गया है। इन नवनिर्मित स्वास्थ्य भवनों का आज जिला चिकित्सालय अनूपपुर में आयोजित कार्यक्रम में लोकार्पण किया गया। उन्होंने इस अवसर पर जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अनंत शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि जिला चिकित्सालय अनूपपुर में ब्लड टेस्ट, सीटी स्कैन, डायलिसिस सहित अनेक प्रकार की जटिल जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। उप स्वास्थ्य केन्द्रों में विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को अपने नजदीकी क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए प्रदेश शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अधिक संख्या में मेडिकल कॉलेजों के निर्माण से भविष्य में अधिक चिकित्सक तैयार होंगे और गांव-गांव तक चिकित्सकों की सेवाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी। केन्द्र एवं प्रदेश शासन द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके।
राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि गरीब से गरीब व्यक्ति को गंभीर बीमारी की स्थिति में बेहतर उपचार मिल सके, इसके लिए आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती आयुष्मान कार्डधारी मरीजों के लिए चिकित्सक की मांग एवं कलेक्टर की अनुशंसा पर आवश्यकता अनुसार पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील शासन की प्राथमिकता है कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति को भी समय पर बेहतर एवं आवश्यक उपचार मिल सके।
जिला चिकित्सालय अनूपपुर में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में 1663.60 लाख रुपये की लागत से निर्मित क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक, 159 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लपटा, 65-65 लाख रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केन्द्र धनगवां एवं खूंटाटोला, 294 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मेडियारास, 184.71 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र देवरी, 65 लाख रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केन्द्र लीलाटोला तथा 49.14 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र कंडीकापा के भवनों का लोकार्पण किया गया। इन नवनिर्मित स्वास्थ्य भवनों से जिले की स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को अपने नजदीकी क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह, कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री रामदास पुरी, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी श्रीमती अलका तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।





































