एनसीएल के ककरी क्षेत्र में दिव्यांग जांच एवं सहायता शिविर आयोजित

सिंगरौली, 01 अगस्त 2026 शनिवार को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के ककरी क्षेत्र द्वारा सीएसआर के अंतर्गत जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, सिंगरौली के साथ हुए एमओयू के तहत दिव्यांग जांच एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया संचालित की गई।
शिविर में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, सिंगरौली की विशेषज्ञ टीम ने उपस्थित दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया। इस दौरान ककरी क्षेत्र के सीएसआर नोडल अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने दिव्यांगजनों से संवाद करते हुए उन्हें एनसीएल की विभिन्न सीएसआर योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर में लगभग 40 दिव्यांगजन शामिल हुए। विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत 12 पात्र लाभार्थियों की पहचान की गई। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद इन लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि एनसीएल एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, सिंगरौली के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत सिंगरौली एवं सोनभद्र जिलों के पात्र एवं जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। समाज के वंचित वर्गों एवं दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप एनसीएल विभिन्न जनकल्याणकारी एवं समावेशी सीएसआर पहलों का प्रभावी क्रियान्वयन कर रहा है। यह शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
















