सिंगरौली में भाकपा की जिला परिषद बैठक: सांप्रदायिकता, बेरोजगारी और विस्थापन के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान
सिंगरौली। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की जिला परिषद की बैठक रविवार को मांजन मोड़ स्थित सर्किट हाउस में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी के संगठन विस्तार के साथ-साथ जिले की राजनीतिक, सामाजिक और औद्योगिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाकपा के सहायक राज्य सचिव हरिद्वार सिंह तथा राज्य कार्यकारिणी सदस्य संजय नामदेव शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव राजकुमार दुबे ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए हरिद्वार सिंह ने कहा कि देश और सिंगरौली जिले में सांप्रदायिकता का माहौल लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के साथ न्यायिक और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले की जल, जंगल और जमीन को औने-पौने दामों पर बड़े पूंजीपतियों के हवाले किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों से एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने की अपील की।
राज्य कार्यकारिणी सदस्य संजय नामदेव ने कहा कि सिंगरौली अब पूरी तरह औद्योगिक जिला बन चुका है, लेकिन विकास का लाभ स्थानीय लोगों तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अपनी जमीन उद्योगों के लिए दी, वे आज मजदूर बनने को मजबूर हैं और जिले का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय युवाओं की उपेक्षा कर बाहरी लोगों को रोजगार दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से जाति और धर्म से ऊपर उठकर रोजगार और अधिकारों की लड़ाई के लिए संगठित होने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में जिला सचिव राजकुमार दुबे ने संगठन विस्तार, जनसरोकारों से जुड़े आंदोलनों को मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता के बीच पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को पहुंचाने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
बैठक में अरुण सिंह, नदीम खान, संतोष पाठक, राजकुमार शर्मा, सरवन विश्वकर्मा, अरविंद शाह, राम, रसीले नापित, बृजेश जैसवाल, अक्षय कुमार, दीपक सिंह, शिवकली साकेत, रंगीला देवी, राजकुमारी उपाध्याय, अनीता शर्मा, बेचूलाल, भाईलाल, प्रकाश, रामचंद्र, अजय, विनीत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




































