एसईसीएल मुख्यालय के 9 कर्मियों को भावभीनी विदाई, सेवाओं को बताया कंपनी की अमूल्य पूंजी
शाल, श्रीफल, पुष्पहार और भुगतान चेक देकर किया सम्मानित, शीर्ष प्रबंधन ने उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर में 30 जून को अधिवर्षिता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए नौ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गरिमामय समारोह में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। सीएमडी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शाल, श्रीफल, पुष्पहार एवं समस्त देय भुगतान का चेक प्रदान कर उनके दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यालय प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित विदाई समारोह में निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में निदेशक (एचआर) बिरंची दास, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमसंघ प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (सिविल) भानु सिंह, मुख्य प्रबंधक (उत्खनन) शैवाल सक्सेना, प्रबंधक (मानव संसाधन) मनीष कुमार जूलियट, उप प्रबंधक (सर्वे) संजय कुमार चौधरी, वरिष्ठ वैयक्तिक सहायक (राजभाषा) सुधीर कुमार सिंह, कार्यालय अधीक्षक विजय कुमार झा, वरीय सुरक्षा निरीक्षक प्रमोद कुमार राही, असिस्टेंट सुपरवाइजर नारायण प्रसाद शर्मा तथा सुरक्षा उप निरीक्षक नरेश कुमार ढीमर को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
अपने संबोधन में शीर्ष प्रबंधन ने कहा कि कंपनी की उपलब्धियों और विकास में सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत, अनुभव और कार्यकुशलता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों की सेवाएं संगठन के इतिहास में सदैव सम्मानपूर्वक याद की जाएंगी। अधिकारियों ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एसईसीएल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन में उन्हें सदैव सहयोगात्मक कार्य संस्कृति और पारिवारिक वातावरण मिला। उन्होंने कहा कि यहां अधिकारी और कर्मचारी एक-दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं, जो एसईसीएल की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम का संचालन एवं सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर ने प्रस्तुत किया। समारोह भावुक माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों को उनके नए जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।




































