एनसीएल से जून माह के अंत में 66 कर्मी सेवानिवृत्त, सम्मान समारोह में दी भावभीनी विदाई
मुख्यालय के पांच कर्मचारियों सहित सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को सराहा, स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की दी शुभकामनाएं
सिंगरौली। कोल इंडिया की अग्रणी अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में जून माह के अंतिम दिन मुख्यालय के पांच कर्मियों सहित कुल 66 कर्मचारी अधिवर्षिता आयु पूर्ण करने पर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर एनसीएल मुख्यालय में आयोजित गरिमामय सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके लंबे, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वालों में मुख्य प्रबंधक (उत्खनन) शशि शेखर प्रसाद सिंह, वरीय प्रबंधक (सचिवीय-राजभाषा) हुकुम सिंह अहरवार, सहायक पर्यवेक्षक (परिवहन) नागेंद्र प्रसाद, पम्प ऑपरेटर जी. मलेशू तथा केंद्रीय चिकित्सालय की सामान्य सहायक श्रीमती कमला शामिल रहीं।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके सहकर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि एनसीएल में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य पूंजी है। उन्होंने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कंपनी की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निदेशक (कार्मिक) मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति प्रत्येक कर्मचारी के जीवन का स्वाभाविक पड़ाव है, लेकिन उनकी कर्मनिष्ठा और समर्पण सदैव संगठन की पहचान बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी एनसीएल के ब्रांड एम्बेसडर हैं और उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपने जीवन के नए लक्ष्यों को उत्साहपूर्वक अपनाने के लिए प्रेरित किया।
निदेशक (तकनीकी/संचालन) आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि अनुभवी कर्मचारियों की विदाई भावुक क्षण होती है। एनसीएल आज जिस मुकाम पर है, उसमें इन कर्मियों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवानिवृत्त कर्मचारी आगे भी संगठन के सच्चे शुभचिंतक और मार्गदर्शक बने रहेंगे।
मुख्यालय के अलावा एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किए गए। इस दौरान उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए एनसीएल परिवार ने उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।




































