उद्यमी मध्यप्रदेश-2026’ में एनसीएल ने बढ़ाया एमएसएमई का उत्साह, महिला व एससी-एसटी उद्यमियों की भागीदारी पर दिया विशेष जोर

---Advertisement---

‘उद्यमी मध्यप्रदेश-2026’ में एनसीएल ने बढ़ाया एमएसएमई का उत्साह, महिला व एससी-एसटी उद्यमियों की भागीदारी पर दिया विशेष जोर

भोपाल। अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस-2026 के अवसर पर नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने मध्यप्रदेश शासन के एमएसएमई विभाग एवं फिक्की द्वारा आयोजित ‘उद्यमी मध्यप्रदेश-2026’ कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहित करना, उद्योगों और सरकारी उपक्रमों के बीच समन्वय बढ़ाना तथा स्थानीय उद्यमियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित वेंडर डेवलपमेंट मीट में एनसीएल की ओर से सहायक प्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) विपुल राय ने कंपनी का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने उपस्थित एमएसएमई विक्रेताओं एवं उद्यमियों को एनसीएल की विभिन्न निविदाओं में अधिकाधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीएल पारदर्शी और समावेशी खरीद व्यवस्था के माध्यम से स्थानीय उद्योगों एवं छोटे उद्यमों को निरंतर बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक के दौरान विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति स्वामित्व वाले उद्यमों तथा महिला उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। एनसीएल ने उद्यमियों को कंपनी की खरीद प्रक्रिया, निविदा प्रणाली और उपलब्ध अवसरों की जानकारी देकर उन्हें सरकारी खरीद व्यवस्था से अधिक से अधिक जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

एनसीएल ने एक बार फिर समावेशी सार्वजनिक खरीद नीति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए बताया कि कंपनी सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को प्राथमिकता देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी ने निर्धारित 35 प्रतिशत लक्ष्य के मुकाबले लगभग 39 प्रतिशत खरीद एमएसई इकाइयों से कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। यह उपलब्धि न केवल सरकारी नीति के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण है, बल्कि स्थानीय उद्योगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एनसीएल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

कार्यक्रम के माध्यम से एनसीएल ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी एमएसएमई क्षेत्र को प्रोत्साहन, स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा और समावेशी औद्योगिक विकास के लिए ऐसे आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाई जाती रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment