अमृत मित्र योजना,अमृत हरित अभियान सहित अनेक लक्ष्य की हुई प्राप्ति
अनूपपुर 25 जून 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा विभिन्न जल संरक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। अभियान के तहत जल ग्रहण संरचनाओं, तालाबों, नदियों एवं बावड़ियों के संरक्षण तथा अतिक्रमण हटाने का लक्ष्य 26 के विरुद्ध 41 कार्य पूर्ण किए गए। वहीं नालों-नालियों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण के 32 लक्ष्यों के मुकाबले 122 कार्य किए गए है। नगरीय निकायों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित करने के 40 लक्ष्यों के विरुद्ध 79 कार्य पूर्ण हुए तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर प्याऊ स्थापना के 80 लक्ष्यों के मुकाबले 125 प्याऊ स्थापित किए गए।
अमृत हरित अभियान के अंतर्गत पौधारोपण की तैयारियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 50 के लक्ष्य के विरुद्ध 169 गतिविधियां पूर्ण की गईं। जल संरक्षण में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अमृत मित्र बनाकर My Bharat पोर्टल पर पंजीयन कराने का लक्ष्य 210 था, जिसके विरुद्ध 218 युवाओं का पंजीयन कराया गया। जल प्रदाय एवं सीवरेज पाइपलाइन में लीकेज चिन्हांकन एवं मरम्मत के 20 लक्ष्यों के मुकाबले 34 कार्य किए गए है। जल गुणवत्ता परीक्षण के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि प्राप्त करते हुए 130 के लक्ष्य के विरुद्ध 2258 जल नमूनों का परीक्षण किया गया। 181 पर प्राप्त दूषित पेयजल एवं सीवरेज संबंधी शिकायतों के निराकरण में भी 50 के लक्ष्य के विरुद्ध 57 शिकायतों का सफल निराकरण किया गया।
अभियान के दौरान अमृत योजना अंतर्गत जलप्रदाय एवं सीवरेज के लिए 430 हाउसहोल्ड कनेक्शन देने के लक्ष्य के विरुद्ध 645 कनेक्शन प्रदान किए गए तथा अमृत रेखा पोर्टल पर एसेट मैपिंग के 50 लक्ष्यों के मुकाबले 90 संरचनाओं का मैपिंग कार्य पूर्ण हुआ। बच्चों, युवाओं एवं नागरिकों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चित्रकला, रंगोली, निबंध, स्लोगन, वॉल पेंटिंग, संगीत कार्यक्रम, कलश यात्रा एवं जागरूकता रैली जैसी गतिविधियों के 25 लक्ष्यों के विरुद्ध 63 कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन उपलब्धियों ने जिले में जल संरक्षण एवं जनभागीदारी को नई दिशा प्रदान की है तथा जल गंगा संवर्धन अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।




































