अनूपपुर। बिजुरी थाना पुलिस ने चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी गई नगदी एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी, लूट, नकबजनी एवं आर्म्स एक्ट सहित 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को फरियादी रामबहोर साहू निवासी कोठी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मई को बिजुरी अस्पताल के पास खड़ी उनकी मोटरसाइकिल की डिग्गी से अज्ञात चोर 50 हजार रुपये नकद और आवश्यक दस्तावेज चोरी कर ले गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की पहचान ओमप्रकाश सिसोदिया उर्फ बच्चा कंजर निवासी भोलगढ़, अनूपपुर के रूप में हुई। आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही और आखिरकार 22 जून को खमरौत चाका जिला शहडोल से उसे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बिजुरी थाना क्षेत्र की चोरी की घटना के साथ रामनगर क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई रकम में से 47 हजार 500 रुपये नगद और घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है, जिसका आपराधिक रिकॉर्ड लंबा रहा है। उसके खिलाफ अनूपपुर सहित सतना, रीवा, सिंगरौली तथा छत्तीसगढ़ के विभिन्न थानों में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास सिंह के नेतृत्व में बिजुरी पुलिस की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन में नकदी, कीमती सामान और जरूरी दस्तावेज असुरक्षित स्थिति में न छोड़ें। बैंक से अधिक राशि निकालने के बाद विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।




































