98 वर्ष की उम्र में भी स्वस्थ हैं पिता, 95 वर्षीय मां का मिल रहा स्नेह और आशीर्वाद — हरिद्वार सिंह ने फादर्स डे पर जताया सम्मान
कोयलांचल। एटक यूनियन के वरिष्ठ मजदूर नेता हरिद्वार सिंह ने फादर्स डे के अवसर पर अपने माता-पिता के प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि उनके लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है कि 98 वर्षीय पिता राम सिंहासन सिंह एवं 95 वर्षीय माता राजमुनी सिंह का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन आज भी उन्हें प्राप्त हो रहा है।
हरिद्वार सिंह ने बताया कि उनके पिता राम सिंहासन सिंह बिहार स्टेट शुगर कॉरपोरेशन से डिप्टी चीफ केमिस्ट पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, जो आज भी परिवार के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता स्वस्थ हैं और उनका आशीर्वाद ही उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। फादर्स डे के अवसर पर उन्होंने पिता की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि माता-पिता का सम्मान और सेवा प्रत्येक संतान का सर्वोच्च कर्तव्य है।
हरिद्वार सिंह ने भावुक होकर कहा कि माता-पिता का प्रेम और संस्कार ही जीवन की वास्तविक संपत्ति हैं। उन्होंने समाज के युवाओं से भी अपने माता-पिता के सम्मान, सेवा और आदर की परंपरा को सदैव बनाए रखने का आह्वान किया।




































