मनेन्द्रगढ़ कप 2026 का खिताब वार्ड क्रमांक 17 के नाम

---Advertisement---

फाइनल में वार्ड क्र. 22 को 55 रन से हराया

मनेन्द्रगढ़। शहर के मिनी स्टेडियम में आयोजित बहुप्रतीक्षित मनेन्द्रगढ़ कप 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन शनिवार को भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। 12 दिनों तक चले इस फ्लड लाइट क्रिकेट महाकुंभ के फाइनल मुकाबले में वार्ड क्रमांक 17 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड क्रमांक 22 को 55 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। जीत के साथ ही वार्ड 17 के खिलाड़ियों और समर्थकों में जश्न का माहौल छा गया।

प्रेसीडेंट क्लब द्वारा लगातार 16वें वर्ष आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वार्ड क्रमांक 17 की टीम ने निर्धारित ओवरों में पांच विकेट खोकर 135 रन बनाये। टीम को ओपनर अभिषेक और संजय ने मजबूत शुरुआत दिलाई। संजय ने मात्र 31 गेंदों पर 78 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख तय कर दिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी वार्ड क्रमांक 22 की टीम श्रेयस (30 रन) और सुमित (20 रन) की संघर्षपूर्ण पारियों के बावजूद 80 रन पर सिमट गई। वार्ड 17 की ओर से अभिषेक ने तीन विकेट, संजय और सागर ने दो-दो विकेट तथा शिवम और निखिल ने एक-एक विकेट हासिल किया।

मैच में बल्ले और गेंद दोनों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संजय को मैन ऑफ द मैच चुना गया जबकि पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिये अभिषेक बढेरा को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा विक्की को बेस्ट बॉलर, श्रेयस सिन्हा को बेस्ट बैट्समैन और गगन को बेस्ट फील्डर का सम्मान मिला। अंपायर अजय सिंह और अमन को भी उत्कृष्ट अंपायरिंग के लिये स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रेसीडेंट क्लब द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ स्वस्थ मनोरंजन और सामाजिक एकता का भी उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने मिनी स्टेडियम में दर्शकों के लिये अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था के लिये 98 लाख रुपयों के कार्य का टेंडर होने और जल्द भूमिपूजन किये जाने की जानकारी दी साथ ही क्लब की मांग पर स्टेडियम में 24 लाख रुपयों की अतिरिक्त फ्लड लाइट लगाने की घोषणा भी की।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी ने भी आयोजन समिति की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शानदार आयोजन के लिये प्रेसीडेंट क्लब के अध्यक्ष अधिवक्ता आशीष सिंह को ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में अधिवक्ता आशीष सिंह ने कहा कि सभी 22 वार्डों के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन और खेल भावना का परिचय देकर इसे यादगार बना दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह प्रतियोगिता और अधिक भव्य रूप में आयोजित होगी और यहां से निकली प्रतिभाएं प्रदेश और देश स्तर पर मनेन्द्रगढ़ का नाम रोशन करेंगी। हजारों खेल प्रेमियों की मौजूदगी में संपन्न हुए इस आयोजन को सफल बनाने में प्रेसीडेंट क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों, प्रायोजकों और स्वयंसेवकों का योगदान सराहनीय रहा। प्रतियोगिता ने एक बार फिर मनेन्द्रगढ़ में क्रिकेट के प्रति लोगों के उत्साह और खेल संस्कृति को नई ऊंचाई प्रदान की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment