गेहूं की बोरियों के बीच निकला जहरीला कोबरा, सर्पप्रहरी ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

---Advertisement---

 

अनूपपुर। जिला मुख्यालय अनूपपुर से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत पिपरिया के ग्राम पिपरिया वार्ड क्रमांक 1 बरहाटोला में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर रखी गेहूं की बोरियों के बीच अत्यंत जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। घर के सदस्यों ने जैसे ही बोरियों के बीच सांप को देखा, पूरे परिवार में दहशत का माहौल बन गया।

 

जानकारी के अनुसार यह घटना शिक्षक समयलाल पटेल के घर की है। बताया गया कि घर के अंदर रखी गेहूं की बोरियों के बीच करीब तीन फीट लंबा कोबरा नाग छिपा हुआ था। परिवार के लोगों ने सतर्कता बरतते हुए किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की और तत्काल इसकी सूचना जिला मुख्यालय अनूपपुर के सर्पप्रहरी एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता शशिधर अग्रवाल को दी।

 

सूचना मिलने के बाद रात लगभग 8:10 बजे मौके पर पहुंचे सर्पप्रहरी ने सावधानीपूर्वक पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और रेस्क्यू प्रक्रिया शुरू की। कुछ देर की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के दौरान घर के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए और पूरी प्रक्रिया को देखा।

 

सर्पप्रहरी ने बताया कि गर्मी और मौसम में बदलाव के दौरान सांप अक्सर भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों के आसपास पहुंच जाते हैं। ऐसे समय में लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतनी चाहिए और किसी प्रशिक्षित व्यक्ति या संबंधित विभाग को सूचना देना चाहिए।

 

रेस्क्यू के बाद कोबरा को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना उसके प्राकृतिक आवास के अनुरूप नजदीकी जंगल क्षेत्र में स्वतंत्र विचरण के लिए छोड़ दिया गया।

 

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और लोगों से घरों में अनाज भंडारण स्थल, लकड़ी, कबाड़ और अंधेरे कोनों की नियमित सफाई रखने की अपील की गई, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचाव किया जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

May 25, 2026

May 25, 2026

May 25, 2026

May 25, 2026

May 25, 2026

May 25, 2026

Leave a Comment