उत्पाती हाथी ने तोड़ा था हैंडपंप, ग्रामीणों को राहत: बैरिहा पहुंचकर कराया गया तत्काल सुधार कार्य

---Advertisement---

 

कोयलांचल समाचार | रिपोर्टर – शशिधर अग्रवाल

 

अनूपपुर/24 मई। शहडोल जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया के वार्ड क्रमांक 12 बैरिहा में उत्पाती हाथी द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए हैंडपंप का शनिवार को सुधार कार्य कराया गया। कई दिनों से ग्रामीणों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा था, जिसके बाद सामाजिक पहल के तहत मौके पर पहुंचकर हैंडपंप को पुनः चालू कराया गया।

 

जानकारी के अनुसार 17 मई की रात अनूपपुर एवं शहडोल जिले की सीमा क्षेत्र में विचरण कर रहे एक खतरनाक और उत्पाती हाथी ने बैरिहा गांव में जंगल किनारे स्थित विनोद सिंह बरगाही के घर के पास लगे हैंडपंप को नुकसान पहुंचा दिया था। बताया गया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा लगभग 15 वर्ष पूर्व स्थापित इस हैंडपंप के हैंडल और रॉड को हाथी ने अपनी सूंड से मोड़ दिया था, जिससे हैंडपंप पूरी तरह बंद हो गया था।

 

ग्रामीणों द्वारा समस्या की जानकारी वन्यजीव संरक्षण से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता शशिधर अग्रवाल को दी गई और सुधार की मांग की गई। इसके बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अनूपपुर के हैंडपंप तकनीशियन हीरालाल कोल एवं लल्लूलाल कोल के साथ स्थल पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाया गया और नया हैंडल लगाकर हैंडपंप को फिर से चालू कर दिया गया।

 

ग्रामीण विनोद सिंह बरगाही ने बताया कि यह हैंडपंप उनके परिवार सहित आसपास के कई परिवारों के लिए पेयजल का प्रमुख स्रोत है। हाथी के लगातार इलाके में आने से ग्रामीणों में भय बना हुआ था। उन्होंने बताया कि हाथी ने न केवल हैंडपंप को नुकसान पहुंचाया बल्कि घर के आसपास लगे कटहल और आम के पेड़ों को भी क्षतिग्रस्त किया तथा चारा काटने की मशीन और शौचालय के दरवाजे को भी तोड़ दिया।

 

ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से हाथी की गतिविधियों के कारण लोग शाम होते ही सुरक्षित स्थानों पर रहने को मजबूर थे। वहीं आसपास के अन्य घरों और अनाज भंडारण स्थलों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

 

हैंडपंप की मरम्मत के बाद ग्रामीणों ने राहत महसूस की और समय पर सहयोग के लिए संबंधित लोगों का आभार व्यक्त किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

Leave a Comment