अवैध महुआ शराब निर्माण पर रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹84,600 की सामग्री जब्त
432 किलो लाहन नष्ट, गुड़ और सूखा महुआ बरामद; आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

अनूपपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के दौरान कुल ₹84,600 मूल्य का मशरूका बरामद किया गया तथा मौके पर बड़ी मात्रा में रखे महुआ लाहन का नियमानुसार नष्टीकरण कराया गया।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के निर्देशन में संचालित अभियान के अंतर्गत थाना प्रभारी रामनगर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को 22 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि नगर परिषद डूमरकछार के वार्ड क्रमांक 12 स्थित एक मकान में अवैध रूप से महुआ लाहन संग्रहित कर रखा गया है तथा कमरे में ताला बंद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई।
तलाशी के दौरान कमरे से 72 डिब्बों में भरा लगभग 432 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत ₹21,600 आंकी गई। इसके अलावा 54 कार्टून में रखा 810 किलोग्राम गुड़ कीमत ₹40,500 तथा 18 जूट बोरियों में रखा 450 किलोग्राम सूखा महुआ कीमत ₹22,500 जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹84,600 बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर ही विधिवत जप्ती पंचनामा तैयार किया और समस्त सामग्री को कब्जे में लिया। शराब निर्माण के लिए तैयार किए जा रहे महुआ लाहन को नियमानुसार नष्ट कराया गया ताकि उसका उपयोग अवैध गतिविधियों में न हो सके।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा अवैध महुआ शराब निर्माण के उद्देश्य से उक्त सामग्री का संग्रहण किया गया था। मामले में थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 131/26 दर्ज करते हुए आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(एफ) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भी जांच कर रही है।



































