जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता, सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की प्रेसवार्ता

---Advertisement---

 

चिरमिरी में रात्रि विश्राम के बाद भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर में की पूजा, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों पर रखी सरकार की बात

 

एमसीबी/चिरमिरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत चिरमिरी में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, कानून व्यवस्था, पारदर्शी प्रशासन और विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

चिरमिरी में रात्रि विश्राम के बाद मुख्यमंत्री सुबह भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा की सुशासन तिहार केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनता और शासन के बीच विश्वास को मजबूत करने का अभियान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा मौके पर ही निराकरण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार संवेदनशील प्रशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता के सिद्धांत पर कार्य कर रही है जिससे आम जनता को राहत मिल सके।

कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने डायल 112 सेवा को आम जनता के लिये बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि संकट की स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिये तकनीक आधारित पुलिसिंग को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं को रोजगार के नये अवसर उपलब्ध कराने के लिये विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों के हित में भी सरकार लगातार निर्णय ले रही है और कृषि को लाभकारी बनाने के लिये कई योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास को केवल शहरों तक सीमित नहीं रखना चाहती बल्कि दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिये प्रतिबद्ध है। इसी सोच के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जा रही है ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिये पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित कर प्रशासन को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाया जा रहा है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले, बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े, विशेष सचिव रजत बंसल, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

May 22, 2026

May 22, 2026

May 22, 2026

May 22, 2026

May 22, 2026

May 22, 2026

Leave a Comment