प्रधानमंत्री की अपील पर बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटाया अपना कारकेड, अब सिर्फ 8 वाहन चलेंगे
अनूपपुर। प्रधानमंत्री की अपील पर मध्यप्रदेश सरकार ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने आगामी आदेश तक अपने कारकेड में वाहनों की संख्या घटाने के निर्देश जारी किए हैं। अब मुख्यमंत्री के काफिले में 13 के स्थान पर केवल 8 वाहन ही शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को आयोजित राज्य मंत्री परिषद की बैठक में वैश्विक परिस्थितियों और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए ईंधन की बचत तथा सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने मंत्री परिषद के सदस्यों से भी यात्रा के दौरान न्यूनतम वाहनों के उपयोग की अपील की।
राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी। साथ ही सभी मंत्रीगण भी सादगी अपनाते हुए सीमित वाहनों का उपयोग करेंगे। नव नियुक्त निगम-मंडलों के पदाधिकारियों को भी कार्यभार ग्रहण करते समय वाहन रैली और अनावश्यक प्रदर्शन से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के सुझावों के अनुरूप मध्यप्रदेश में शासकीय कार्यों में मितव्ययता के उपाय लागू किए जाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का उपयोग कम करें तथा अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें, ताकि ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहयोग मिल सके।





































