अनूपपुर 11 मई 2026/ मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड अनूपपुर द्वारा आज ‘‘पायलट प्रोजेक्ट’’ के अंतर्गत एक कौशल विकास कार्यक्रम की शुरुआत की गई। पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के जय नारी संकुल संगठन, करपा में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं को सूत कताई एवं बुनाई का प्रशिक्षण दिया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खादी के प्रति रुचि जगाना और संकुल की दीदियों को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत करपा के सरपंच श्री हीरा सिंह, प्रबंधक ग्रामोद्योग श्री सत्यसागर, समन्वयक श्री शिवकांत त्रिपाठी, सहायक विकासखंड प्रबंधक पुष्पराजगढ़ श्री संदीप शर्मा, अध्यक्ष सीसीएफ करपा श्रीमती मोहवती, संकुल की दीदियां उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत करपा के सरपंच श्री हीरा सिंह ने संकुल की महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर इन दीदियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि वे अपने कौशल का लाभ उठाकर समाज में सशक्त पहचान बना सकें। इस अवसर पर ग्रामोद्योग प्रबंधक श्री सत्यसागर ने प्रशिक्षण की विस्तृत रूपरेखा साझा की, जबकि समन्वयक श्री शिवकांत त्रिपाठी ने खादी के महत्व और वर्तमान समय में इसकी बढ़ती मांग पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को न केवल कताई-बुनाई की बारीकियां सिखाई जा रही हैं, बल्कि उन्हें खादी उत्पादों की मार्केटिंग और ग्रामोद्योग बोर्ड की विभिन्न योजनाओं से जुड़ने के तरीके भी बताए जा रहे हैं।

































