अनूपपुर 11 मई 2026/ रबी उपार्जन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में गेहूँ की खरीदी जारी हैं। जिले में 15 अप्रैल से शुरू हुई उपार्जन प्रक्रिया के तहत अब तक 355 किसानों से 971.55 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है। गेहूँ खरीदी की अंतिम तिथि 23 मई 2026 निर्धारित है। शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य 2585 रुपये और राज्य सरकार द्वारा घोषित 40 रुपये बोनस को मिलाकर कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जा रही है।
खाद्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई है कि जिले में गेहूँ उपार्जन के लिए कुल 1367 किसानों ने पंजीयन कराया है। सुचारू खरीदी के लिए जिले में कुल 6 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 5 गोदाम स्तरीय केंद्र और 1 समिति स्तरीय केंद्र शामिल है। अब तक 478 किसानों द्वारा अपनी उपज विक्रय हेतु स्लॉट बुकिंग की जा चुकी है। अब तक 876.8 मीट्रिक टन गेहूँ का परिवहन किया जा चुका है, जो कुल खरीदी का 90.25 प्रतिशत है।
खाद्य विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समयावधि में अपनी उपज का विक्रय कर शासन की इस योजना का लाभ उठाएं।


































