बोलेरो में 25 पेटी बीयर पकड़ाई, जमोड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
₹75 हजार की बीयर और 5 लाख की बोलेरो जब्त, आरोपी गिरफ्तार
कोयलांचल समाचार के लिए सीधी से अमित पांडेय की रिपोर्ट
सीधी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जमोड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से 25 पेटी बीयर जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रीवा-सीधी मार्ग से एक बोलेरो वाहन में अवैध शराब भरकर रामपुर नैकिन की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-39 पर घेराबंदी कर बोलेरो वाहन क्रमांक MP 18 T 5550 को रोककर तलाशी ली।
जांच के दौरान वाहन से 25 पेटी स्टॉक बीयर बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 195 लीटर बताई गई। मौके से वाहन चालक अवनीश सिंह पिता सुरेंद्र सिंह बघेल निवासी कंधवार थाना रामपुर नैकिन को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 75 हजार रुपए मूल्य की बीयर एवं करीब 5 लाख रुपए कीमत की बोलेरो वाहन जब्त की है। आरोपी के खिलाफ थाना जमोड़ी में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब अवैध शराब के स्रोत और परिवहन नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





































