खतरनाक दंतैल हाथी का फिर हमला, दो मवेशियों को मार डाला; निगरानी कर रहे रेंजर व प्रशिक्षु रेंजर घायल

---Advertisement---

खतरनाक दंतैल हाथी का फिर हमला, दो मवेशियों को मार डाला; निगरानी कर रहे रेंजर व प्रशिक्षु रेंजर घायल

कोयलांचल समाचार के लिए शशिधर अग्रवाल की रिपोर्ट

अनूपपुर। जिला मुख्यालय से लगभग 6 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत एवं वन बीट सोनमौहरी के जंगल में पिछले आठ दिनों से डेरा जमाए खतरनाक दंतैल हाथी ने शुक्रवार देर रात फिर आतंक मचा दिया। हाथी जंगल से निकलकर सेंदुरी-सोनमौहरी मार्ग और अनूपपुर-सोनमौहरी-कोतमा रेलवे लाइन पार करते हुए ग्राम पंचायत सोनमौहरी के वार्ड क्रमांक-1 पिचिंगटोला पहुंच गया, जहां उसने रामसहाय पिता दौलत सिंह के घर के पास बंधे एक भैंस और एक पाड़ा पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

हाथी की निगरानी में लगे वन परिक्षेत्र अधिकारी अनूपपुर स्वर्ण गौरव सिंह एवं प्रशिक्षु वन परिक्षेत्र अधिकारी गौरव दुबे पर भी हाथी ने अचानक चिघाड़ते हुए हमला करने का प्रयास किया। जान बचाकर भागने के दौरान दोनों अधिकारी गिरकर घायल हो गए, जिन्हें देर रात जिला चिकित्सालय अनूपपुर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

इधर हाथी के रेलवे लाइन के पास पहुंचने पर एक मालगाड़ी चालक ने भी सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को कुछ देर के लिए रोक दिया। देर रात तक हाथी के विचरण की सटीक जानकारी नहीं मिल सकी।

वन विभाग ने हाथी प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथी से कम से कम 200 मीटर की दूरी बनाए रखें, रात के समय खेतों और जंगल किनारे बने कच्चे मकानों में न रुकें तथा मवेशियों को खुले में बांधकर न छोड़ें। लगातार हो रहे हमलों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

May 9, 2026

May 9, 2026

May 9, 2026

May 9, 2026

May 8, 2026

May 8, 2026

Leave a Comment