*मानवता की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा- कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली*
*रक्तदान, जरूरतमंदों की मदद और समाज सेवा के लिए सभी नागरिक आए आगे- सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी*
*रेड क्रॉस दिवस पर युवाओं से मानवता और सेवा भावना अपनाने की गई अपील*
*जिला चिकित्सालय में विश्व रेडक्रॉस दिवस पर आयोजित हुआ रक्तदान एवं नेत्र परीक्षण शिविर*
अनूपपुर 08 मई 2026- जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह ने कहा कि रेड क्रॉस का मूल मंत्र सेवा है। आज हम सभी विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर एकत्रित हुए हैं। यह दिवस मानवता, सेवा और करुणा का प्रतीक है। प्रत्येक वर्ष 8 मई को रेड क्रॉस के संस्थापक हेनरी ड्यूनां की जयंती के उपलक्ष्य में यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें याद दिलाता है कि विपत्ति और बीमारी के समय, जब पूरी दुनिया ठहर जाती है, तब ममता और करुणा ही लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य करती है। अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती प्रीति सिंह आज जिला चिकित्सालय में विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर आयोजित रक्तदान एवं नेत्र जांच शिविर को संबोधित कर रही थीं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह ने विश्व रेड क्रॉस सोसाइटी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता। हमारा एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है, इसलिए सभी लोगों को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। मानवता ही जीवन का सबसे बड़ा आधार है और ऐसे आयोजन समाज को सेवा एवं सहयोग के लिए प्रेरित करते हैं।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने बताया कि अनूपपुर जिले में पिछले दो वर्षों में व्यावहारिक परिवर्तन देखने को मिला है। धीरे-धीरे समाज में रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रति जागरूकता बढ़ रही है तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार एवं उन्हें अधिक सुदृढ़ करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं एवं विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। शिविर एवं कैंपों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जिला रेड क्रॉस सोसाइटी से नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी, जन अभियान परिषद सहित अन्य संस्थाओं को जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जाना चाहिए। कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि सभी लोगों को रक्तदान अवश्य करना चाहिए, क्योंकि आपका दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान बन सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यपालिका अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद और समाज सेवा के लिए सभी नागरिकों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनूपपुर जिले के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि अधिक से अधिक रक्तदान करें, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर आवश्यकतानुसार रक्त उपलब्ध हो सके। उन्होंने ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने शहर और मोहल्ले के लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें। इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा तथा ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
*दीप प्रज्वलन के साथ हुआ विश्व रेड क्रॉस दिवस शिविर का शुभारंभ*
विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर आयोजित शिविर का शुभारंभ रेड क्रॉस के संस्थापक हेनरी ड्यूनां के छायाचित्र पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह, कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती सोनाली तिवारी सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
*रक्तदाताओं का प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित*
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह, कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने रक्तदान करने वाले श्री आशीष अग्रवाल, श्री अरमान यादव एवं डॉ. डी.ए.प्रकाश खंडे को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शिविर में 15 लोगों ने रक्तदान किया तथा 30 लोगों का नेत्र जांच किया गया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. परस्ते, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव श्री देवेंद्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, पत्रकारगण, आमजन उपस्थित थे।




































