मां नर्मदा के आशीर्वाद के साथ राजेंद्र भारती ने संभाला अमरकंटक विकास प्राधिकरण अध्यक्ष पद का कार्यभार

---Advertisement---

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में 07 मई 2026 दिन गुरुवार को अमरकंटक विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष राजेंद्र भारती शहडोल ने विधिवत पदभार ग्रहण किया । अमरकंटक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं पुष्पराजगढ़ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वसीम अहमद भट्ट ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कराया ।

पदभार ग्रहण करने से पूर्व राजेंद्र भारती ने विश्व प्रसिद्ध आस्था केंद्र श्री नर्मदा मंदिर में विधि-विधान से विशेष पूजन-अर्चन कर मां नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त किया । उन्होंने प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि , विकास और जनकल्याण की कामना करते हुए सेवा एवं समर्पण भाव से कार्य करने का संकल्प लिया । इसके पश्चात उन्होंने अपने कार्यालय कक्ष में भी भगवान का पूजन-अर्चन किया ।

धार्मिक अनुष्ठान के बाद अमरकंटक विकास प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित गरिमामयी समारोह में उन्होंने विधिवत पदभार संभाला । इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों , सामाजिक कार्यकर्ताओं , प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर उनका आत्मीय स्वागत किया । पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा ।

अपने संबोधन में राजेंद्र भारती ने कहा कि अमरकंटक केवल एक नगर नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति , आध्यात्मिक चेतना एवं प्रकृति का अद्भुत संगम है । उन्होंने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक , सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्व को ध्यान में रखते हुए समग्र विकास के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाएंगे । अमरकंटक को स्वच्छ , व्यवस्थित , सुंदर एवं पर्यटन की दृष्टि से और अधिक विकसित बनाने हेतु जनसहभागिता के साथ योजनाएं संचालित की जाएंगी ।

उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय नागरिकों की अपेक्षाओं एवं सुझावों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी ।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि राजेंद्र भारती के नेतृत्व में अमरकंटक विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक गरिमा और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा ।

इस अवसर पर रामलाल रौतेल , वसीम अहमद भट्ट , पार्वती सिंह , कमल प्रताप सिंह , आशुतोष अग्रवाल , मिथिलेश पयासी , रामगोपाल , रोशन पनारिया , धनेश द्विवेदी , अंजना कटारे , भानु प्रसाद सेन तथा ज्ञान दास पनिका सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता , पदाधिकारी , कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम को मिथिलेश पयासी , रामलाल रौतेल राजेंद्र भारती आदि ने संबोधित किया । कार्यक्रम का संचालन सूरज साहू ने किया ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment