खराब सड़क की निकली अर्थी, शिवसेना का अनोखा प्रदर्शन
सड़क की पूजा-अर्चना कर जताया विरोध, पेयजल और मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन पर साधा निशाना
अनूपपुर। क्षेत्र की जर्जर सड़कों, पेयजल संकट और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भालूमाड़ा क्षेत्र में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। शिवसेना शहडोल संभाग अध्यक्ष पवन पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भालूमाड़ा मजदूर चौक से कदमटोला तक खराब सड़क की प्रतीकात्मक “अर्थी यात्रा” निकाली। इस दौरान सड़क की पूजा-अर्चना कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान शिवसैनिकों ने सड़क पर फूल-माला चढ़ाकर उसे “मृत” घोषित किया और अर्थी उठाकर विरोध जताया। इस अनोखे प्रदर्शन को देखने बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने क्षेत्र की खराब सड़कों, नाली व्यवस्था और पेयजल संकट को लेकर नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
शिवसेना संभाग अध्यक्ष पवन पटेल ने आरोप लगाया कि भालूमाड़ा क्षेत्र की सड़कें लंबे समय से गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। खराब सड़कों के कारण आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले ही सड़कें बदहाल हो चुकी हैं और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की अनदेखी के कारण जनता में भारी आक्रोश है। यदि जल्द सड़क निर्माण, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो शिवसेना आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार दशरथ सिंह एवं नगर पालिका प्रशासन के अधिकारियों को भी समस्याओं से अवगत कराया गया। मौके पर मौजूद नागरिकों ने भी जल्द समस्या समाधान की मांग उठाई।
इस आंदोलन में अनूपपुर जिला अध्यक्ष राजेश महाराणा, जिला प्रमुख शिव चक्रवर्ती, मोहित पनिका, कोतमा नगर अध्यक्ष बरकत कुरैशी, विधानसभा प्रमुख श्रीकांत यादव, नगर संगठन प्रमुख विवेक गुप्ता, रविकरण निषाद, भूपेंद्र सिंह, महेंद्र यादव, राहुल कोल, समीर कोल, राजेंद्र कोल, कमलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।





































