देवहरा पुलिस की तत्परता, 24 घंटे में लापता नाबालिग बालिका सकुशल बरामद
अनूपपुर/देवहरा। चौकी देवहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बेटी के सुरक्षित लौटने पर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस की तत्परता व संवेदनशील कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक मोती-उर-रहमान के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम, एसडीओपी पुष्पराजगढ़ नवीन तिवारी एवं थाना चचाई के मार्गदर्शन में चौकी देवहरा पुलिस ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार ग्राम अमिलिहा निवासी राकेश बैगा ने 1 मई को चौकी देवहरा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री अर्चना बैगा सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारी में तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया है।
शिकायत पर थाना चचाई में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। चौकी देवहरा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार खोजबीन, मुखबिर तंत्र और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस टीम की सक्रियता रंग लाई और 2 मई को नाबालिग बालिका को 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी रंगनाथ मिश्र के नेतृत्व में धर्मेंद्र महोबिया और किरण मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। देवहरा पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई को क्षेत्र में सराहनीय सफलता माना जा रहा है।















































