राहगीरों के लिये खोला गया प्याऊ
एमसीबी। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच झगराखाण्ड थाना पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए अनुकरणीय पहल की है। थाना परिसर के बाहर आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्याऊ (जल सेवा केंद्र) की व्यवस्था की गई है जहां से राहगीरों को शीतल और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण जहां लोगों को राहत की तलाश रहती है वहीं इस पहल से राह चलते लोगों, मजदूरों और वाहन चालकों को काफी सहूलियत मिल रही है। स्थानीय नागरिकों ने इस प्रयास की जमकर सराहना की है और इसे सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।
थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पूरी पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे इस जनसेवा कार्य के लिये आम लोगों ने आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि पुलिस का यह मानवीय चेहरा समाज में सकारात्मक संदेश देता है और अन्य संस्थाओं को भी ऐसे कार्यों के लियेप्रेरित करता है। पुलिस द्वारा शुरू की गई यह पहल ना केवल लोगों को राहत पहुंचा रही है बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत कर रही है।
इस अवसर पर थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा, प्रधान आरक्षक नीरज पढियार, सैनिक उमाशंकर मिश्रा के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।















































