अनूपपुर। शासकीय हाई स्कूल अमिलिहा का वार्षिक परीक्षा परिणाम सत्र 2025–26 में शानदार रहा। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल विद्यालय, बल्कि ग्राम अमिलिहा का नाम भी गौरवान्वित किया है। जनपद पंचायत जैतहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत डोगरा टोला के अमिलिहा गांव के विद्यार्थियों ने मेहनत, अनुशासन और लगन से सफलता का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।
विद्यालय की छात्रा दिशा यादव ने 93.3 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं प्रांजलि सोनी ने 90.9 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्र ध्रुव कुमार सोनी ने 85.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों मेधावी विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय परिसर में हर्ष का वातावरण रहा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय में सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। संस्था के प्राचार्य शैलेश मिश्रा एवं समस्त शिक्षकगण को विद्यार्थियों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के लिए बधाई दी गई।
भाजपा युवा मोर्चा ग्रामीण के उपाध्यक्ष विनयकांत सोनी ने सभी सफल छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमिलिहा के विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं अवसर मिलने पर किसी से कम नहीं हैं। यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी।


















































