अनूपपुर 22 अप्रैल 2026/ जिले में आगामी 1 मई से प्रारंभ होने वाले जनगणना कार्य की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री हर्षल पंचोली द्वारा आज कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारी है, जिसके सफल और सटीक संपादन के लिए जिले का प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कलेक्टर श्री पंचोली ने बैठक में प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) की नियुक्ति, उनके प्रशिक्षण मॉड्यूल और फील्ड वर्क के लिए आवश्यक सामग्री के वितरण की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 30 अप्रैल तक सभी स्तरों का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना का कार्य राष्ट्र के भविष्य की योजनाओं का आधार होता है, इसलिए डेटा संकलन में शत-प्रतिशत शुद्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में आगामी ‘जनगणना-2027’ के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण और आवास गणना’ (Houselisting and Housing Census) की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर कार्य की गुणवत्ता की निगरानी करनी होगी ताकि कार्य पूरी तरह से शासन के दिशानिर्देशों के अनुसार संपन्न हो सके।
वर्तमान में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चल रहे ‘स्व-गणना’ अभियान पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने प्रगणकों को निर्देशित किया कि वे नागरिकों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं जानकारी भरने हेतु प्रोत्साहित करें। इससे डेटा संकलन की प्रक्रिया अधिक सुगम और त्रुटिहीन होगी।
बैठक में जनगणना निदेशालय भोपाल के सांख्यिकी अधिकारी श्री महेन्द्र यादव ने चार्ज अधिकारियों द्वारा पूछे गए जनगणना कार्य से संबंधित विभिन्न तकनीकी प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने जनगणना की बारीकियों और डेटा संकलन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी तहसीलदार अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित जिले के चार्ज अधिकारी एवं जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना दल को सही और सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।














































