अनूपपुर 22 अप्रैल 2026/ जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक एजेंडा के पालन प्रतिवेदन से सदन को अवगत कराया गया तथा पेयजल, विद्युत, खाद्य, आबकारी और शिक्षा जैसे जनहित से जुड़े विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई और अधिकारियों को समय-सीमा में समस्याओं के निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती वाल्मीकि राठौर, सदस्य सुश्री भारती केवट, श्रीमती किरण चौधरी, श्रीमती भुवनेश्वरी सिंह, श्रीमती यशोदा कोदू सिंह, श्री भूपेंद्र सिंह, श्री नर्मदा सिंह, श्री राम जी रिंकू मिश्रा, श्री दरोगा सिंह, श्री रंजीत सर्राटी, जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी डॉ. उमेश द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी ने बताया कि जिले की चिन्हित संवेदनशील बसाहटों में पेयजल आपूर्ति के लिए सिंगल फेज मोटर सुधार, नवीन नलकूप खनन और सिंटेक्स टंकियों की स्थापना का कार्य किया जा रहा है। सदन में यह विशेष सुझाव दिया गया कि नई योजनाओं के साथ-साथ पुरानी और बंद पड़ी योजनाओं को प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाए। साथ ही, गिरते भू-जल स्तर को देखते हुए पाइप विस्तार के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में नीचे झूल रहे विद्युत तारों को तत्काल ठीक करने को कहा गया ताकि दुर्घटनाएं न हों। ‘‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’’ के तहत विद्युतीकरण कार्यों में तेजी लाने और कार्यों के भूमि पूजन में संबंधित क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्यों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, किसानों के लिए प्रधानमंत्री कुसुम ‘‘बी’’ योजना के प्रचार-प्रसार हेतु गांव-गांव में कैंप लगाने पर जोर दिया गया।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि जिन क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही (मूवमेंट) अधिक है, वहां किसानों के लिए अनाज की कमी न हो, इसके लिए पर्याप्त बफर स्टॉक सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, हाथियों द्वारा किए गए अनाज के नुकसान की मुआवजा राशि का भुगतान समय पर करने और नवीन पात्रता पर्ची जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अवैध उत्खनन के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की। आबकारी विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शैक्षणिक वातावरण को सुरक्षित रखने के लिए स्कूलों से 100 मीटर के दायरे में आने वाली शराब दुकानों को वहां से हटाया जाए।
लोक निर्माण विभाग को हाई स्कूल सरवाही के भवन में आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जिले में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूलों की समीक्षा करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में पेयजल व्यवस्था और सुगम एप्रोच मार्ग का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत के सदस्यों ने अपने क्षेत्र से संबंधित विकास कार्यों के संबंध में अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।














































