अनूपपुर/अमरकंटक। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में वरिष्ठ प्रोफेसर अवधेश कुमार शुक्ल ने कार्यवाहक कुलपति के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। नियमित कुलपति की नियुक्ति तक वे इस दायित्व का निर्वहन करेंगे।
प्रो. शुक्ल लंबे समय से शिक्षा और शोध के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं तथा अपने समर्पित कार्य, उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान और सरल व्यक्तित्व के लिए विश्वविद्यालय परिवार में विशेष पहचान रखते हैं। उनके कार्यभार संभालने के बाद विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पदभार ग्रहण करते हुए उन्होंने नरेंद्र मोदी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि मानव जीवन सेवा के लिए है और पद से अधिक महत्वपूर्ण कार्य होता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के सभी विद्यार्थी उनके लिए परिवार के समान हैं और वे स्वयं को उनका अभिभावक मानते हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं। प्रो. शुक्ल ने सभी के सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए संस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प जताया।
















































