मानव श्रृंखला बनाकर किया गया सामूहिक श्रमदान, अधिकारियों ने घर-घर पहुँचकर दिया स्वच्छता का संदेश
अनूपपुर 18 अप्रैल 2026/कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के दिशा-निर्देशन में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत जिला मुख्यालय अनूपपुर की कलेक्ट्रेट कॉलोनी में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस विशेष पहल में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
मानव श्रृंखला और सामूहिक श्रमदान
स्वच्छता के प्रति जन-चेतना जागृत करने के उद्देश्य से जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया। इस श्रृंखला के माध्यम से न केवल एकजुटता का संदेश दिया गया, बल्कि सभी ने मिलकर सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए कॉलोनी परिसर में व्यापक साफ-सफाई की। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री कमलेश पुरी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्राशी अग्रवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनूपपुर, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वच्छता मित्रों ने मिलकर श्रमदान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
घर-घर दस्तक और समझाइश
अभियान के दौरान अधिकारियों ने कॉलोनी के घरों में जाकर नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान निवासियों को प्रेरित किया गया कि वे कचरा इधर-उधर न फेंककर केवल नगर पालिका की कचरा संग्रहण गाड़ी में ही डालें। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अर्चना कुमारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि— “स्वच्छता को एक जन-आंदोलन बनाना अनिवार्य है और इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।”
स्वच्छता के प्रति बढ़ी जागरूकता
मानव श्रृंखला और श्रमदान की इस संयुक्त पहल से नागरिकों को स्वच्छता और जल संवर्धन के महत्व का प्रभावी संदेश दिया गया। अभियान के दौरान नागरिकों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में जुड़ने हेतु प्रोत्साहित किया गया। जिला प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है।















































