साइबर जागरूकता, नशा मुक्ति और पुलिस मित्र गठन से बढ़ी जन-जागरूकता

---Advertisement---

 

एमसीबी/चिरमिरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना चिरमिरी पुलिस द्वारा हल्दीबाड़ी स्थित राधाकृष्ण मंदिर के समीप एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में साइबर जागरूकता अभियान, नशा मुक्ति अभियान और पुलिस मित्र गठन जैसे सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता थाना प्रभारी विजय सिंह ने की। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय के साथ साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। पुलिस टीम द्वारा आमजन को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों जैसे फेक लिंक, ओटीपी शेयरिंग, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड और निवेश संबंधी ठगी के बारे में विस्तार से बताया गया साथ ही यह भी समझाया गया की सतर्कता और सही जानकारी के माध्यम से इन अपराधों से आसानी से बचा जा सकता है।

इस दौरान नागरिकों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और www.cybercrime.gov.in� पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया ताकि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत कार्यवाही की जा सके।

कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति अभियान पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को इससे दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिये प्रेरित किया। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 30 और 31 में पुलिस मित्रों का गठन किया गया। बीट पुलिसिंग की जानकारी देते हुए आमजन की सहभागिता को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिये आवश्यक बताया गया।

कार्यक्रम में लगभग 60 से 70 नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। उपस्थित लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया। यह कार्यक्रम आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक, नशामुक्त समाज की दिशा में प्रेरित और पुलिस जन सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment