जमुना कोतमा, हसदेव, सोहागपुर व जोहिला क्षेत्रों में संगठन सुदृढ़ करने का दायित्व, अन्य क्षेत्रों में भी प्रभारी नियुक्त
अनूपपुर/कोरबा
कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। इस संबंध में एसईसीएल के महामंत्री श्री नाथूलाल पांडेय द्वारा विधिवत कार्यालय आदेश जारी किया गया है
जारी आदेश के अनुसार, जमुना कोतमा क्षेत्र में पदस्थ श्री अक्षय कुमार तिवारी को चार महत्वपूर्ण क्षेत्रों—जमुना कोतमा, हसदेव, सोहागपुर एवं जोहिला—का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्हें इन क्षेत्रों में संगठन को सुदृढ़ करने, श्रमिकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने तथा कोयला मजदूर सभा की गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संघ द्वारा की गई इस नियुक्ति को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर श्रमिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं बेहतर समन्वय संभव हो सकेगा।
इसी क्रम में, श्री केदार नाथ अग्रवाल को गेवरा़, दीपका, कुसमुंडा, कोरबा, सीईडब्ल्यूएस गेवरा़ एवं सीडब्ल्यूएस कोरबा क्षेत्रों का प्रभारी बनाया गया है। वहीं श्री योगेन्द्र मिश्रा को चिरमिरी, भटगांव, बैकुण्ठपुर एवं विश्रामपुर क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही श्री अरुण कुमार झा को रायगढ़ क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है
कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी नियुक्त प्रभारी संबंधित क्षेत्रीय एवं शाखा समितियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेंगे। उन्हें क्षेत्रीय एवं यूनिट स्तर पर बैठक आयोजित करने तथा उसका संचालन करने का अधिकार भी रहेगा। साथ ही, संगठन के हित में दिए गए उनके सुझावों को तथ्यात्मक आधार पर केंद्रीय मुख्यालय को भेजा जाएगा, जिस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा
कोयला मजदूर सभा ने सभी क्षेत्रीय एवं इकाई समितियों से अपेक्षा की है कि वे अपने-अपने प्रभारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें तथा बैठकों में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करें, जिससे संगठन को और अधिक सक्रिय, सशक्त एवं प्रभावी बनाया जा सके
प्रभारी नियुक्त किए जाने पर श्री अक्षय कुमार तिवारी ने एसईसीएल के महामंत्री श्री नाथूलाल पांडेय, अध्यक्ष श्री बजरंगी साही तथा उपाध्यक्ष श्री श्रीकांत शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से श्रीकांत शुक्ला के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और श्रमिक हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे
एचएमएस द्वारा की गई ये नई नियुक्तियां संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी, जिससे श्रमिकों की आवाज को मजबूती मिलेगी और उनकी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।





























































