एमसीबी। जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रशासन ने बड़ा प्रहार करते हुए अवैध कारोबार का खुलासा किया है। कलेक्टर के निर्देश पर विकासखंड खड़गवां के ग्राम सेंदा में कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश देकर कार्यवाही को अंजाम दिया है। कार्यवाही के दौरान उर्वरक निरीक्षक मेहनाज अंसारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी नीरज जायसवाल और बीटीएम गौरव श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने दो पिकअप वाहन (CG16CT4428 और CG10U9167) को रोककर जांच की। जांच में वाहनों से 42.50 क्विंटल PROM जैविक खाद (85 बैग) और 25.50 लीटर संदिग्ध लिक्विड NPK (51 बोतल) बरामद किया गया जिसे अवैध रूप से परिवहन और विक्रय के लिये रखा गया था। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित व्यक्ति के नाम पर जिले में कोई वैध उर्वरक लाइसेंस नहीं है जिससे यह मामला Fertilizer (Control) Order, 1985 और Essential Commodities Act 1955 के गंभीर उल्लंघन के अंतर्गत आता है।
टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर समस्त उर्वरक सामग्री और दोनों वाहनों को जब्त कर थाना खड़गवां के सुपुर्द कर दिया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और बिना लाइसेंस विक्रय के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

















