विश्व स्वास्थ्य दिवस पर एसईसीएल मुख्यालय में वॉकथॉन, 200 कर्मचारियों ने लिया स्वास्थ्य का संकल्प

बिलासपुर। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 7 अप्रैल को एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) मुख्यालय में चिकित्सा विभाग के तत्वावधान में स्वास्थ्य, फिटनेस और सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्साहपूर्ण वॉकथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया

कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि मानव शरीर ईश्वर का अनमोल उपहार है और स्वास्थ्य हमारी सबसे बड़ी संपत्ति है, इसलिए सभी को नियमित व्यायाम और संतुलित जीवनशैली अपनानी चाहिए

इस वर्ष की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े हों” के अनुरूप कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने अच्छे स्वास्थ्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने ‘स्वास्थ्य शपथ’ लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए विश्व स्वास्थ्य दिवस की टी-शर्ट और बैज भी वितरित किए गए।
वॉकथॉन को मुख्य अतिथियों ने एसईसीएल मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें प्रतिभागियों ने लगभग 3 किलोमीटर की दूरी तय की। यह वॉकथॉन वसंत विहार स्थित रवींद्र भवन में पहुंचकर संपन्न हुई।
ऊर्जा, उत्साह और जागरूकता से भरा यह आयोजन एक स्वस्थ कार्यबल और मजबूत राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एसईसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि “स्वास्थ्य की दिशा में उठाया गया हर कदम एक बेहतर भविष्य की ओर बढ़ाया गया कदम है।”















