अनूपपुर। ग्राम पंचायत परसवार के वार्ड क्रमांक 9 बकानटोला में गुरुवार 2 अप्रैल 2026 को सुबह लगभग 10:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय निवासी श्री अशोक यादव के घर के पास पत्थरों के बीच एक लगभग 5 फीट लंबा अत्यंत जहरीला कोबरा नाग सर्प दिखाई दिया। जहरीले सांप को देखते ही आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना तत्काल अनूपपुर के सर्पप्रहरी शशिधर अग्रवाल को दी गई। सूचना मिलते ही शशिधर अग्रवाल अपनी टीम के सदस्य मनोज यादव एवं धर्मेंद्र यादव के साथ मौके पर पहुंचे। सर्पप्रहरियों ने सावधानी और कुशलता के साथ रेस्क्यू अभियान चलाते हुए पत्थरों के बीच छिपे कोबरा नाग को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
रेस्क्यू के दौरान सर्पप्रहरियों ने लोगों को सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी और बताया कि कोबरा अत्यंत जहरीला सर्प होता है, इसलिए ऐसे मामलों में स्वयं पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, बल्कि प्रशिक्षित सर्पप्रहरियों को सूचना देनी चाहिए।
सर्पप्रहरियों की तत्परता और कुशलता से रेस्क्यू सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जिससे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनहोनी टल गई। बाद में पकड़े गए कोबरा नाग को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। इस सफल रेस्क्यू के लिए स्थानीय लोगों ने सर्पप्रहरियों की सराहना की।















