सरफा से जोहिला नदी पार कर डिंडोरी जिले में पहुंचे तीन हाथी, वन विभाग अलर्ट कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर – शशिधर अग्रवाल

---Advertisement---

सरफा से जोहिला नदी पार कर डिंडोरी जिले में पहुंचे तीन हाथी, वन विभाग अलर्ट
कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर – शशिधर अग्रवाल

अनूपपुर। अनूपपुर वन मंडल क्षेत्र में विगत 97 दिनों से विचरण कर रहे तीन हाथियों का दल रविवार सुबह सरफा बीट के जंगल से जोहिला नदी पार कर डिंडोरी जिले के डिंडोरी वन परिक्षेत्र के जंगल में प्रवेश कर गया। हाथियों के संभावित मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग पहले से सतर्क था और देर रात ही डिंडोरी वन मंडल के अधिकारियों को सूचना देकर आसपास के ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार शनिवार को तीनों हाथियों का दल अनूपपुर वन मंडल के अहिरगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत टिटही-जैतहरी बीट के जंगल में दिनभर रुका रहा। शाम होते ही हाथियों का समूह जंगल से निकलकर मुख्य मार्ग पर आ गया और सरफा बीट के कोडांर रोड की ओर बढ़ते हुए उदय सिंह के खेत में पहुंच गया। यहां हाथियों ने खेत में लगी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया तथा पास में बनी एक झोपड़ी को भी तोड़ दिया। झोपड़ी में रखे अनाज को भी हाथियों ने अपना आहार बना लिया।

रविवार सुबह हाथियों का दल खिरनी ग्राम पंचायत और सरफा वन बीट क्षेत्र से जोहिला नदी पार कर डिंडोरी वन मंडल के डिंडोरी वन परिक्षेत्र के जंगल में पहुंच गया, जहां वे फिलहाल जंगल के भीतर विश्राम कर रहे हैं। यह क्षेत्र अनूपपुर वन मंडल की सीमा से लगभग 8 से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बताया जा रहा है।

हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए अनूपपुर वन मंडल के अहिरगवां और कोतमा वन परिक्षेत्र के वन अधिकारी-कर्मचारी लगातार सतर्कता बरत रहे हैं। वन विभाग की टीम सुरक्षा श्रमिकों और ग्रामीणों के सहयोग से रातभर क्षेत्र में निगरानी करती रही और आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।

वन परिक्षेत्र अधिकारी अहिरगवां अजेंद्र सिंह ने बताया कि हाथियों के जोहिला नदी पार कर डिंडोरी वन मंडल की ओर बढ़ने की संभावना को देखते हुए संबंधित वन अधिकारियों को समय रहते सूचना दे दी गई थी। साथ ही संभावित विचरण क्षेत्र के ग्रामीणों को भी पहले ही सचेत कर दिया गया था, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के करीब जाने की कोशिश न करें और किसी भी प्रकार की गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 14, 2026

October 14, 2026

October 14, 2026

October 14, 2026

October 14, 2026

October 14, 2026

Leave a Comment