मोटर पंप मरम्मत तथा नियमित आधार पर विद्युत देयक भुगतान के जिला पंचायत सीईओ ने दिए निर्देश
अनूपपुर 26 मार्च 2026/ जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने जिला पंचायत सभागार में ग्राम पंचायत क्षेत्र की बसाहट में सतत पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए कहा है कि ग्रीष्म ऋतु में संभावित पेयजल संकटग्रस्त बसाहटो में पेयजल की उपलब्धता के लिए सतत निगरानी रखकर पेयजल की उपलब्धता सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायतो के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, पीएचई के इंजीनियर तथा जिला पंचायत के पेयजल मॉनिटरिंग सेल के नोडल अधिकारी श्री संदीप शुक्ला उपस्थित थे।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने जनपद पंचायतो के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के इंजीनियरों को ग्राम पंचायतो के सरपंच, सचिव से समन्वय कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मोटर पंप खराब होने की स्थिति में तत्काल
मरम्मत तथा अन्य समस्याओं का निराकरण तत्परता से करने के निर्देश दिए है।
उन्होंने जिले के चारों जनपद क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम पंचायतो में पेयजल उपलब्धता के संबंध में विस्तार से समीक्षा की, निर्माण विभागों के कार्यों के चलते नल जल योजना की पाइपलाइन प्रभावित होने से संबंधित समस्या का निराकरण प्राथमिकता में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य इस सप्ताह पूर्ण किया जाए।
जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत द्वारा नल जल योजना के लंबित बिलों में भुगतान की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि नल जल योजना के सभी विद्युत देयक का भुगतान नियमित रूप से किया जाए।
उन्होंने पांचवें एवं 15वें वित्त योजना के अंतर्गत पेयजल के विद्युत देयक के भुगतान तथा नल जल योजना के संचालन, संधारण में प्राथमिकता से कार्य करने निर्देश दिए है।










