कोयलांचल समाचार की खबर का असर: सोशल मीडिया की मदद से अनूपपुर पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को परिजनों से मिलाया
अनूपपुर।
अनूपपुर कोतवाली पुलिस की तत्परता और सोशल मीडिया की प्रभावी भूमिका से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ भटकती युवती को उसके परिजनों से मिलाने में सफलता मिली। इस पूरे मामले में स्थानीय कोयलांचल समाचार न्यूज़ वेबसाइट पर प्रकाशित खबर और सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी का भी सकारात्मक असर देखने को मिला, जिससे युवती के परिजनों तक सूचना पहुंच सकी।
जानकारी के अनुसार 19 मार्च 2026 की देर रात करीब 11 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि जैतहरी रोड स्थित हर्री फाटक के पास लगभग 30 वर्षीय एक युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में भटक रही है और अपना नाम-पता नहीं बता पा रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित महिला डेस्क, थाना कोतवाली लाया गया, जहां उसके भोजन-पानी और रुकने की व्यवस्था की गई।
इसके बाद कोतवाली पुलिस टीम द्वारा युवती की फोटो और जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की गई। यह जानकारी छत्तीसगढ़ के जिला एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) के अंतर्गत खोँगापानी में रहने वाले उसके परिजनों तक पहुंच गई। सूचना मिलने पर युवती की माता और भाई थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंचे, जहां आवश्यक पुष्टि के बाद पुलिस ने युवती को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
परिजनों ने बताया कि युवती पिंकी बंजारे का विवाह जांजगीर-चांपा जिले में हुआ था और कुछ समय से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। हाल ही में वह बिना बताए ससुराल से निकल गई थी, जिसकी तलाश परिजन कर रहे थे। सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने पर वे तुरंत अनूपपुर पहुंचे और युवती को अपने साथ ले गए।
भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस द्वारा युवती की कलाई पर उसके भाई का नाम और मोबाइल नंबर गुदवाया गया, ताकि दोबारा गुम होने की स्थिति में परिजनों से तुरंत संपर्क किया जा सके।
कोतवाली पुलिस ने इस मामले में सहयोग करने वाले जिले के मीडिया कर्मियों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया है, जिनकी मदद से युवती को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाना संभव हो सका। साथ ही कोयलांचल समाचार में प्रकाशित खबर और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी के व्यापक प्रसार ने भी इस मानवीय पहल को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।







