कोल इंडिया की खदान से अवैध ओवरबर्डन मिट्टी निकासी का मामला उजागर अमलाई रेलवे स्टेशन निर्माण में डाली जा रही थी मिट्टी, जांच और कार्रवाई पर टिकी निगाहें

---Advertisement---

कोल इंडिया की खदान से अवैध ओवरबर्डन मिट्टी निकासी का मामला उजागर
अमलाई रेलवे स्टेशन निर्माण में डाली जा रही थी मिट्टी, जांच और कार्रवाई पर टिकी निगाहें

अनूपपुर। जिले के अमलाई क्षेत्र में एक बार फिर अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोल इंडिया की खदानों से अवैध रूप से ओवरबर्डन (ऊपरी परत की मिट्टी) निकालकर अमलाई रेलवे स्टेशन में बन रहे प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य में डाली जा रही थी। बताया जा रहा है कि यह कार्य पिछले दो दिनों से लगातार किया जा रहा था। मामले में नगर परिषद बरगवां-अमलाई की जेसीबी मशीन के उपयोग की भी बात सामने आई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार खदान से बिना अनुमति मिट्टी निकालकर ट्रैक्टर और मेटाडोर के माध्यम से रेलवे स्टेशन तक पहुंचाई जा रही थी। जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन में मिट्टी भराई का करीब 8 से 10 लाख रुपये का ठेका लिया गया है और उसी के तहत यह कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि यह पूरा काम नगर परिषद बरगवां-अमलाई के उपाध्यक्ष राज तिवारी के इशारे पर कराया जा रहा था।

मामले की जानकारी मिलने पर युवा पार्षद एवं भाजपा नेता पवन चीनी सहित अन्य पार्षद मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। उनका कहना है कि कोल इंडिया की खदान से चोरी-छिपे ओवरबर्डन मिट्टी निकालकर रेलवे निर्माण कार्य में डाली जा रही थी, जो पूरी तरह अवैध है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिससे क्षेत्र में काफी विवाद हुआ था।

मौके पर मौजूद जेसीबी चालक राशिद खान ने बताया कि उसे जेसीबी लेकर आने और मिट्टी निकालने के लिए कहा गया था। उसके अनुसार नगर परिषद में इस कार्य की कोई विधिवत एंट्री नहीं है और न ही अवैध उत्खनन के लिए मशीन दी जाती है। चालक ने यह भी कहा कि नगर परिषद के उपाध्यक्ष पहले भी कई बार इस तरह के काम अनाधिकृत रूप से कराते रहे हैं।

सूचना मिलने पर कोल इंडिया के एरिया सुरक्षा अधिकारी अमित सिंह और सुहागपुर एरिया के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। सर्वे विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह क्षेत्र सुहागपुर एरिया के अंतर्गत आता है, जहां से मिट्टी का अवैध उत्खनन किया जा रहा था।

नगर परिषद बरगवां-अमलाई के मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है और ऐसे कार्यों की निगरानी इंजीनियर के माध्यम से की जाती है। वहीं रेलवे विभाग की ओर से निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे आईओडब्ल्यू प्रभारी अरविंद ने भी ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई ठेकेदार अवैध रूप से कार्य करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि इस कार्य में दो ट्रैक्टर और एक मेटाडोर भी लगाए गए थे, जो खदान से मिट्टी निकालकर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने का काम कर रहे थे। फिलहाल कोल इंडिया के अधिकारी देवहरा पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। अब पूरे मामले में आगे की कार्रवाई देवहरा पुलिस और संबंधित विभागों पर टिकी हुई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

March 19, 2026

March 19, 2026

March 19, 2026

March 19, 2026

March 19, 2026

March 19, 2026

Leave a Comment