एसईसीएल में 1600 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती, 17 मार्च से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
इंजीनियरिंग, प्रबंधन व तकनीकी ट्रेडों के युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण का अवसर
बिलासपुर। देश की प्रमुख कोयला कंपनियों में शामिल साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने वर्ष 2026–27 के लिए 1600 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की विभिन्न भूमिगत एवं ओपन कास्ट खदानों तथा अन्य प्रतिष्ठानों में एक वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य इंजीनियरिंग, तकनीकी एवं सामान्य स्नातक क्षेत्रों के युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 1600 पदों में 500 स्नातक अप्रेंटिस और 1100 टेक्नीशियन अप्रेंटिस के पद शामिल हैं। स्नातक अप्रेंटिस के अंतर्गत खनन इंजीनियरिंग के 200, सिविल के 20, विद्युत के 30, यांत्रिक के 30 तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार इंजीनियरिंग के 10 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा प्रशासन (बीबीए) के 25, कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) के 100, वाणिज्य (बी.कॉम) के 50 तथा विज्ञान (बीएससी-केमिस्ट्री) के 35 पद भी शामिल हैं।
टेक्नीशियन अप्रेंटिस श्रेणी में खनन इंजीनियरिंग के सर्वाधिक 900 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा खनन सर्वेक्षण के 40, सिविल इंजीनियरिंग के 40, विद्युत इंजीनियरिंग के 50, यांत्रिक इंजीनियरिंग के 50 तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार इंजीनियरिंग के 20 पद शामिल हैं।
इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार पहले NATS 2.0 पोर्टल (www.nats.education.gov.in) पर पंजीकरण करने के बाद एसईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट (secl-cil.in) के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 मार्च 2026 से शुरू होकर 31 मार्च 2026 तक चलेगी।
एसईसीएल प्रबंधन के अनुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को उद्योग से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ खनन एवं तकनीकी क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी एसईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट के एचआरडी अनुभाग में उपलब्ध अधिसूचना देख सकते हैं।













































