बिलासपुर। श्रद्धा महिला मंडल द्वारा 26 फरवरी 2026 को वसंत विहार स्थित रवीन्द्र भवन में एसईसीएल की महिला संविदा कर्मियों के साथ होली मिलन एवं महिला दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर नेहरू शताब्दी कॉलोनी, वसंत विहार कॉलोनी एवं इंद्रा विहार कॉलोनी में कार्यरत लगभग 102 महिला संविदा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी संविदा बहनों का रोली टीका लगाकर स्वागत करने के साथ हुआ। तत्पश्चात उन्हें होली एवं महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
अध्यक्षा शशि दुहन ने महिला कर्मियों के समर्पण और परिश्रम की सराहना करते हुए उन्हें सच्ची नारी शक्ति बताया। समारोह के दौरान होली गीतों पर सामूहिक नृत्य एवं आनंदमय वातावरण ने कार्यक्रम को उत्सवमय बना दिया।
होली एवं महिला दिवस के उपलक्ष्य में सभी संविदा कर्मियों को उपहार स्वरूप स्टील का मटका, स्टील कंटेनर (कनस्तर), मिठाई एवं गुलाल भेंट किया गया। उपहार वितरण के पश्चात विशेष व्यंजनों के साथ स्नेहपूर्ण दोपहर भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने साथ बैठकर सहभागिता की।
कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की सदस्याओं ने सक्रिय भूमिका निभाई और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।



































































