युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया का कल अनूपपुर आगमन, अमलाई से अनूपपुर तक होगा भव्य स्वागत — मानवेंद्र मिश्रा
अनूपपुर
मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया का शनिवार 04 अप्रैल 2026 को अनूपपुर जिले में आगमन होगा। उनके दौरे को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता उनका गर्मजोशी से स्वागत करेंगे।
जिला अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया अमलाई से काफिले के साथ जिले में प्रवेश करेंगे। अमलाई से लेकर अनूपपुर कांग्रेस कार्यालय तक युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि अनूपपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया युवा कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक में संगठन को मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर जिले के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
जिला अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा। उनके मार्गदर्शन से जिले में युवा कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाएगा।
बैठक के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक पहुंचकर दर्शन करेंगे। इसके बाद वे डिंडौरी जिले के लिए प्रस्थान करेंगे।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने जिले के सभी युवा कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और संगठन की एकजुटता एवं ताकत का परिचय दें।


















