वनवासी कल्याण आश्रम चैनपुर में विश्व पर्यावरण दिवस पर जुटे लोग, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प
मनेन्द्रगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस पर वनवासी कल्याण आश्रम चैनपुर में प्रकृति संरक्षण को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सामूहिक यज्ञ के माध्यम से पर्यावरण शुद्धि, प्रकृति संतुलन और जनकल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने और अधिक से अधिक पौधरोपण करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए यज्ञ ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक वातावरण से भर दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण केवल पेड़-पौधों तक सीमित नहीं है बल्कि जल, जंगल, जमीन और जीव-जंतुओं के संरक्षण से जुड़ा व्यापक विषय है।
जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण सिंह ने कहा कि बदलते पर्यावरणीय हालात पूरी मानवता के लिये चिंता का विषय हैं। प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग और संरक्षण ही आने वाले समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में पर्यावरण हितैषी आदतों को अपनाने की अपील की। समिति के विनोद शुक्ला ने कहा कि भारतीय परंपरा में प्रकृति को सम्मान देने की संस्कृति रही है। यज्ञ और वृक्षारोपण जैसे कार्य हमें प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाते हैं।
महिला समिति अध्यक्ष भावना गुप्ता ने महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि घर-परिवार से लेकर समाज तक महिलाएं पर्यावरण संरक्षण की मजबूत कड़ी बन सकती हैं।
इस अवसर पर जगदम्बा अग्रवाल, नरोत्तम शर्मा, रामचरित द्विवेदी, उषा सिंह, राखी सिंह, सीमा शर्मा, ममता राणा, गंगा ताम्रकार सहित अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रकृति की रक्षा, पौधरोपण और स्वच्छ वातावरण निर्माण का संकल्प लिया।





































