अनूपपुर 04 अगस्त 2026/ वर्षा ऋतु में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन अनूपपुर के निर्देशों के परिपालन में नगर परिषद डोला द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगर के सभी वार्डों, सार्वजनिक स्थलों, जलभराव वाले क्षेत्रों तथा नालियों में स्प्रे मशीनों के माध्यम से प्रभावी कीटनाशक एवं लार्वानाशक रसायनों का छिड़काव कराया जा रहा है। मच्छरों के पनपने पर रोक लगाने और उनके लार्वा को नष्ट करने के लिए विशेष रूप से टेमेफास 50% ईसी तथा डेल्टामेथ्रिन 2.5% डब्ल्यू पी का उपयोग किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे वर्षाकाल में अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और जलभराव न होने दें। कूलर, गमले, टायर एवं पानी रखने की टंकियों की नियमित सफाई करें तथा गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में ही डालें। इसके साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए नियमित रूप से मच्छरदानी एवं रिपेलेंट का उपयोग करने का आग्रह किया गया है, ताकि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ-साथ बीमारियों के प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।




































































