वन स्टॉप सेंटर अनूपपुर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित
अनूपपुर। नालसा की राष्ट्रीय कार्ययोजना के अंतर्गत माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल जी के निर्देशानुसार एवं श्री रावेन्द्र कुमार सोनी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर के मार्गदर्शन में 29 अगस्त 2026 को वन स्टॉप सेंटर, अनूपपुर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में श्री श्रीकृष्ण डागलिया, तृतीय जिला न्यायाधीश ने अपने उद्बोधन में वन स्टॉप सेंटर की उपयोगिता एवं महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकट में फंसी पीड़ित महिलाओं को इस केंद्र पर प्रमुख रूप से पांच महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं।
इनमें आपातकालीन बचाव एवं चिकित्सा सहायता, पुलिस सहायता, कानूनी सहायता एवं परामर्श, मनोवैज्ञानिक परामर्श (काउंसलिंग) तथा अस्थायी आश्रय शामिल हैं। घायल या पीड़ित महिला को तत्काल चिकित्सा एवं एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। पुलिस सहायता के तहत महिला को स्वयं थाने जाने की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि केंद्र पर ही एफआईआर अथवा शिकायत दर्ज कराने में सहायता प्रदान की जाती है। अनुभवी अधिवक्ताओं के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी एवं निःशुल्क कानूनी सहायता दी जाती है। साथ ही हिंसा के मानसिक आघात से उबरने के लिए पेशेवर काउंसलर द्वारा परामर्श दिया जाता है। यदि महिला के पास सुरक्षित रूप से रहने की व्यवस्था नहीं है, तो उसे पांच दिनों तक सुरक्षित आश्रय एवं भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
श्रीमती विधि डागलिया, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड, अनूपपुर ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर जाति, वर्ग, वैवाहिक स्थिति या शिक्षा के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव किए बिना महिलाओं को सहायता प्रदान करता है। यह केंद्र 18 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं सहित हर वर्ग की महिलाओं के लिए 24 घंटे, सातों दिन (24×7) खुला रहता है। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर केवल एक सरकारी विभाग नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में महिलाओं के लिए ‘सखी’ यानी एक सच्ची सहेली की तरह काम करता है।
शिविर में महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण, भरण-पोषण कानून तथा महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों एवं उनके अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर अनूपपुर की केस वर्कर श्रीमती प्रभा केवट एवं सुश्री विधि शर्मा तथा पैरा लीगल वालंटियर श्रीमती वर्षा मरावी, श्रीमती रानी पाण्डेय, सुश्री पंचवटी वट्टे एवं श्रीमती आरती राठौर उपस्थित रहीं।































































