विश्व पर्यावरण दिवस पर फलदार पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
अनूपपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड अनूपपुर के सेक्टर क्रमांक-04 जमुना कालरी में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा आमजन को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। पेड़ न केवल वातावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण, भूजल स्तर बनाए रखने तथा मानव जीवन को स्वस्थ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था पसान की सचिव अन्नपूर्णा देवी, परामर्शदाता शिवानी सिंह, प्रस्फुटन समिति पसान के अध्यक्ष एवं समिति सदस्यों सहित सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं पारस मुखर्जी, शुभांषी, अंजलि जायसवाल एवं नमरा फातिमा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया तथा सभी प्रतिभागियों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसकी देखभाल करने का आग्रह किया गया।




































