विश्व पर्यावरण दिवस पर एनसीएल में जागरूकता की अनूठी पहल, 930 बच्चों ने निकाली पर्यावरण रैली
परियोजनाओं में हुए विविध कार्यक्रम, ‘वेस्ट टू वंडर’ प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभागियों की रचनात्मकता

सिंगरौली। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण सप्ताह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। इस अवसर पर कंपनी की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में एनसीएल मुख्यालय, निगाही, कृष्णशिला, अमलोरी परियोजना तथा नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में पर्यावरण जागरूकता रैली, पर्यावरण जी.ए. ओलम्पियाड, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं ‘वेस्ट टू वंडर’ जैसी रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में कर्मचारियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पर्यावरण सप्ताह के दौरान सबसे आकर्षक आयोजन कंपनी के “आरोहण” समर कैंप 2026 के बच्चों द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली रही। लगभग 930 बाल प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों ने वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को अपनाने का आह्वान किया। “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ”, “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” और “हरित पृथ्वी, सुरक्षित भविष्य” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
वहीं ‘वेस्ट टू वंडर’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अनुपयोगी एवं कबाड़ सामग्री से उपयोगी और आकर्षक मॉडल तैयार कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में एयर प्यूरीफायर, वाटर प्यूरीफायर, हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी मॉडल तथा विभिन्न होम डेकोर उत्पादों सहित कई नवाचार प्रस्तुत किए गए।
एनसीएल प्रबंधन का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस प्रतिवर्ष 5 जून को मनाया जाता है। इस वर्ष इसका विषय “प्रकृति से प्रेरित: जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” रखा गया है। एनसीएल द्वारा आयोजित ये कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और भावी पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माने जा रहे हैं।






































